पैट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ प्रदर्शन , तांगे पर नजर आए दिल्ली कांग्रेस चीफ तो कार्यकर्ताओं ने चलाई बैलगाड़ी
Rohit Sharma
नई दिल्ली :– पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का दिल्ली-एनसीआर में प्रदर्शन जारी है। क्या नेता क्या कार्यकर्ता आज सभी अलग-अलग अंदाज में प्रदर्शन कर रहे हैं।
आज प्रदर्शन के दौरान जहां एक ओर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुखिया अनिल कुमार चौधरी तांगे पर नजर आए तो कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी में पहुंचकर विरोध जताया।
वहीं, प्रदर्शन की कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी उपराज्यपाल निवास की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। वे उपराज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने जा रहे थे।
इससे पहले आज इंद्रप्रस्थ कॉलेज के पास प्रदर्शन कर रहे दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और बसों में भरकर उन्हें नजदीक के थाने में ले जाया गया है।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भिड़त भी हुई है। बता दें कि कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए धारा-144 लागू है और किसी को भी प्रदर्शन की इजाजत नहीं है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी का आरोप है कि केंद्र द्वारा एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने और दिल्ली सरकार द्वारा वैट में इजाफा करने से लगातार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं।