यूपी में दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने बच्चे को दिया जन्म, आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर
ABHISHEK SHARMA
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के एक गांव की दुष्कर्म पीड़ित किशोरी ने बुधवार को बच्चे को जन्म दिया। जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। इस मामले में पहले ही गांव के सजातीय युवक के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज है। हालांकि आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं हुआ है।
खड्डा थानाक्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीया किशोरी के साथ नौ माह पूर्व गांव के ही एक सजातीय युवक ने दुष्कर्म किया था। बाद में किशोरी गर्भवती हुई तो गर्भस्थ शिशु को समाप्त करने कि दवा दी गई। परंतु बच्चा कोख में सुरक्षित रहा।
किशोरी गर्भवती है इसका पता एक माह पहले परिजनों को चला तो खड्डा थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने पाक्सो एक्ट व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पीड़िता के पिता के मुताबिक आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं हो पाया है।
बुधवार को किशोरी ने खड्डा सीएचसी में बच्चे को जन्म दिया। अपने गोद में नवजात को चिपकाए किशोरी ने कहा कि इसकी परवरिश वह अपने माता पिता के साथ मिलकर करेगी। वहीं किशोरी के माता पिता का कहना है कि बच्चे की परवरिश के साथ-साथ बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे।