नई दिल्ली :– इस वर्ष पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं , जिसको देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हावड़ा में रैली करने वाले थे , लेकिन दिल्ली में इजरायली दूतावास के पास में हुए बम ब्लास्ट के बाद उन्होंने अपना यह दौरा रद्द कर दिया , पर उनकी जगह पर आज स्मृति ईरानी पश्चिम बंगाल पहुंची हैं और हावड़ा में हो रही रैली की कमान संभाल ली है।
हावड़ा में हो रही रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता शुवेंदु ने कहा की तृणमूल कांग्रेस अब कोई राजनीतिक पार्टी नहीं रह गई है , वह ऐसे कार्य कर रही है , जैसे कि एक निजी लिमिटेड कंपनी काम करती है । शुवेंदु ने रैली में ही यह ऐलान किया कि 28 फरवरी तक टीएमसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी यानी कि तृणमूल कांग्रेस पूरी तरह से खाली कर दी जाएगी , किसी को नहीं छोड़ा जाएगा।
वही रैली में उपस्थित राजीव बनर्जी बोले कि हम पश्चिम बंगाल में डबल इंजन की सरकार चाहते हैं , हम सोनार बांग्ला के लिए केंद्र और राज्य दोनों तरफ से भारतीय जनता पार्टी की सरकार चाहते हैं।
बता दें कि थोड़ी ही देर में स्मृति ईरानी जिस मंच से रैली में उपस्थित लोगों को संबोधित करने वाली हैं उस मंच पर कल ही तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए राजीव बैनर्जी, वैशली डालमिया, प्रबीर घोषाल, रतन चक्रवर्ती और रुद्रनील घोष आदि भी बैठे दिखाई दिए।
इन लोगों ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था।
जानकारी के लिए बता दें हावड़ा में हो रही इस रैली में स्मृति ईरानी के अलावा बंगाल के भारतीय जनता पार्टी प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और दिलीप घोष भी इस रैली में अपना वक्तव्य देने वाले हैं।