बढ़ते कोरोना के मामलों को लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा के स्विमिंग पूल होंगे बंद , डीएम ने जारी किए निर्देश
Ten News Network
यूपी में लगातार कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले के चलते गाजियाबाद और नोएडा के जिला अधिकारियों ने नया आदेश जारी किया है। दोनों शहरों के डीएम ने संक्रमण को देखते हुए स्विमिंग पूल खोलने पर पाबंदी लगा दी है।
गौतमबुद्ध नगर के डीएम ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि गर्मी में स्विमिंग पूल में बहुत से लोग आते हैं, ऐसे में संक्रमण फैल सकता है। डीएम ने आदेश में कहा है कि जब कि संक्रमण का खतरा टल नहीं जाता है तब तक स्विमिंग पूल बंद रहेंगे। संक्रमण के चलते यूपी के कई शहरों में नाइट कर्फ्यू लागू लगा है। गाजियाबाद और नोएडा में भी नाइट कर्फ्यू है।
आपको बता दें कि सीएम योगी कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलो को देखते हुए लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर नगर के लिए भी नए आदेश जारी कर चुके हैं। सीएम योगी ने यहां बढ़ते कोरोना के मामलों पर लगाम लगाने के लिए इन चार जिलों के सरकारी और प्राइवेट ऑफिस में 50 कर्मचारियों की क्षमता के साथ काम किए जाने का आदेश दिया है।
उन्होंने आला अधिकारियों को सर्तकता बरतने में सोशल डिस्टेंसिंग सहित कोविड प्रोटोकॉल का पूरा अनुपालन संग इन चार जिलों में कार्यालयों में अलग-अलग शिफ्ट में काम हो इस बात को सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
सीएम ने लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर नगर में सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में सुविधानुसार ‘वर्क फ्रॉम होम’ की अनुमति भी देने की बात कही। जिससे संक्रमण के प्रसार पर लगाम लगाई जा सके।