नोएडा-गाजियाबाद को दिल्ली मैट्रो से जोडने की कवायद तेज, प्रदेश सरकार ने की पहल

ABHISHEK SHARMA

नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी से साहिबाबाद और वैशाली से मोहननगर तक ब्ल्यू लाइन मेट्रो कॉरिडोर को विस्तार देने के लिए शासन फिर से सक्रिय हुआ है। आगामी सोमवार को इस मामले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अहम बैठक होने जा रही है।

आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में बैठक होगी। इसमें दिल्ली मेट्रो रेल निगम प्रजेंटेशन देगी। फंडिंग पैटर्न पर विचार विमर्श होगा। सब कुछ ठीक रहा तो निर्णायक नतीजे सामने आ सकते हैं।

अधिकारियों के मुताबिक दोनों कॉरिडोर को विस्तार देने की डीपीआर पहले ही तैयार हो चुकी है। डीपीआर के अनुसार इस परियोजना पर 3325.22 करोड़ रुपये की लागत आएगी। जीडीए ने इस परियोजना के लिए जो फंडिंग पैटर्न प्रस्तावित किया है, उसमें राज्य सरकार से 1662.62 करोड़ रुपये अंशदान की मांग की है।

बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार से 462.93 करोड़ रुपये और रोलिग स्टॉक के लिए डीएमआरसी से 387.71 करोड़ रुपये अंशदान की आवश्यकता बताई है। जीडीए ने अपना 381.63, नगर निगम का 138.03, आवास विकास परिषद का 243.60 और यूपीएसआइडीसी का 48.72 करोड़ रुपये अंशदान प्रस्तावित किया गया है।

रोलिंग स्टॉक के लिए डीएमआरसी अंशदान देने को तैयार नहीं है। उनकी तरफ से जीडीए को बताया जा चुका है कि पॉलिसी में बदलाव होने के चलते किसी नई परियोजना में वह दिल्ली से बाहर रोलिंग स्टॉक के लिए फंड नहीं कर सकते। वहीं जीडीए का तर्क है कि यह पुरानी लाइनों का विस्तार है, नई परियोजना नहीं है। ऐसे में रोलिंग स्टॉक के लिए फंडिंग होनी चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.