अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला: नॉएडा एयरपोर्ट, फिल्म सिटी के चलते यमुना प्राधिकरण का स्टाल बना आकर्षण का केंद्र

Ten News Network

New Delhi: राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में रविवार को व्यापार मेले का शुभारंभ हुआ। आत्मनिर्भर भारत की थीम पर पूरे मेले का आयोजन किया गया है। इस मेले में अलग अलग राज्यों का पेवेलियन लगाया गया है जिसमे राज्य की संस्कृति की झलक को दर्शाने की भरपूर कोशिश की गई है।

पूरे मेले में सबसे ज्यादा आकर्षण का केन्द्र बना है उत्तर प्रदेश पेवेलियन, विभिन्न राज्यों की तुलना में उत्तर प्रदेश का पेवेलियन न सिर्फ सबसे बड़ा है बल्कि राज्य की सांस्कृतिक, धार्मिक और आर्थिक प्रगति की झलक भी पेश कर रहा है। 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भी इस बार राज्य के पेवेलियन को खास तरीके से सुसज्जित किया गया है।

उत्तर प्रदेश के पेवेलियन में नॉएडा एयरपोर्ट और फिल्म सिटी जैसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की वजह से यमुना एक्सप्रेस प्राधिकरण के स्टाल पर भी सबकी नज़र है।

जैसे हीं आप उत्तर प्रदेश पवेलियन में प्रवेश करेगें वैसे हीं दाहिनी तरफ आपको यमुना एक्सप्रेस प्राधिकरण का स्टॉल दिखेगा, जहा डिजिटल बोर्ड्स के माध्यम से प्राधिकरण ने अपनी परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी है।

बता दें कि रविवार को उत्तर प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करने के बाद यूपी के मुख्य सचिव आरके तिवारी सीधा यमुना अथॉरिटी के स्टॉल पर पहुंचे और अलग अलग परियोजनाओं की जानकारी ली।

इस दौरान मुख्य सचिव का स्टॉल पर मौजूद नंद किशोर ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। टेन न्यूज से बात करते हुए नंद किशोर ने कहा की मुख्य सचिव हमारे स्टॉल पर आए हमें अच्छा लगा। मुख्य सचिव ने गंभीरता से पूरी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नॉएडा एयरपोर्ट और फिल्म सिटी को लेकर सवाल पूछे और हमारे कार्यों की सराहना भी किया।

आपको बतादें की नॉएडा एयरपोर्ट योगी सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है जिसका शिलान्यास स्वयं प्रधान मंत्री मोदी 25 नवंबर को करने जा रहे है। तीन साल के भीतर इस प्रोजेक्ट के पुरे होने कि उम्मीद जताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.