नहीं रहे स्वतंत्रता सेनानी होतेराम नागर
ग्रेटर नोएडा। बुधवार की सुबह डेरी मच्छा निवासी स्वतंत्रता सेनानी होतेराम नागर का देहांत हो गया। वह आजाद हिन्द फौज में लेफ्टिनेंट के पद से रिटायर्ड हुए थे। वर्तमान में उनकी उम्र 102 वर्ष थी। गांव में ही सुबह 11.30 बजे अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में एरिया के हजारों गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और पत्रकार उपस्तिथ रहे। लेकिन अफसोस इस बात का रहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी की अंतिम यात्रा में प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं रहा। इस दौरान तहसीलदार पहुंचे तो सही लेकिन उन्होंने चार कदम स्वतंत्रता सेनानी की अंतिम यात्रा में चलना जरूरी नहीं समझा। जिसे लेकर स्थानीय लोगों में खासा रोष दिखाई दिया। इतना ही नहीं, इस दौरान नाराज लोगों ने प्रसाशन के अधिकारीयों की इस लापरवाही के लिए सपा जिला अध्यक्ष फकीरचंद नागर को भी जमकर खरी खोटी सुनाई। हांलाकी सीओ अनूप सिंह, एसओ बादलपुर अश्वनी कुमार पूरी गार्ड के साथ उन्हें राजकीय सम्मान देने मौके पर पहुंचे। होते राम के देहांत से क्षेत्र भर में शोक की लहर है। उनके निधन के बाद से ही शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती जा रही है।
Comments are closed.