प्रशिक्षण प्राप्त कर विहिप पदाधिकारी हरिद्वार से दिल्ली लौटे

Galgotias Ad

नई दिल्ली। अप्रेल 20, 2014। विश्व हिन्दू परिषद दिल्ली के लगभग सवा सौ पदाधिकारी द्वि-दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन के पश्चात आज हरिद्वार से दिल्ली लौट आए हैं। हरिद्वार के भूपतवाला स्थित बसन्त लाल अग्रवाल सेवा सदन में रविवार सायं चार बजे शिविर का समापन करते हुए विहिप के अंतराष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री दिनेश चंद ने कहा कि एक अच्छे कार्यकर्ता के लिए यह आवश्यक है कि वह विविध मत-पंथ-संप्रदायों वाले हिन्दू समाज के हर वर्ग को साथ लेकर प्रत्येक क्षेत्र में कार्य को निरन्तर गति देता रहे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रारम्भ होने वाले विहिप के स्वर्ण जयन्ति वर्ष की तैयारियों में हमें जुटना होगा और विश्व के हर कोने में रहने वाले हिन्दू की चिन्ता हमें करनी होगी। विहिप दिल्ली के महा मंत्री श्री राम कृष्ण श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि स्वर्ण जयन्ति वर्ष में हम राजधानी की प्रत्येक बस्ती (कालोनी) में अपनी समितियां व सत्संग खडे कर समाज की प्रत्येक समस्या का समाधान करने में सक्षम होंगे।

इस अवसर पर बोलते हुए विहिप के अंतर्राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री श्री विनायक राव देशपाण्डे ने कहा कि देश के महान संतों और समाज के प्रतिष्ठित प्रबुद्ध जनों द्वारा 1964 में स्थापित विहिप रूपी पौधा अब एक वट बृक्ष का रूप तो धारण कर चुका है किन्तु समाज के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी है। विपरीत परिस्थियों में भी हम सभी को संतों के मार्ग दर्शन को ध्यान में रख आगे बढना होगा।

बैठक की विस्तृत जानकारी देते हुए विहिप दिल्ली के मीडिया प्रमुख श्री विनोद बंसल ने बताया कि दिल्ली की भागम-भाग की जिन्दगी से अलग गंगा के शांत तट पर आयोजित इस दो दिवसीय शिविर में हिन्दू संस्कृति, कार्यकर्ता की भूमिका, सत्संगों का महत्व तथा विहिप का स्वर्ण जयन्ति वर्ष इत्यादि विषयों पर गंभीर चिन्तन मनन किया गया। इस शिविर में विहिप के केन्द्रीय मंत्री श्री महावीर प्रसाद, क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री करुणा प्रकाश व दिल्ली के प्रान्त अध्यक्ष श्री स्वदेश पाल गुप्ता ने विविध विषयों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं का मार्ग दर्शन किया और रविवार सायं चार बजे शिविर का समापन किया गया।

उन्होंने बताया कि बैठक में हिन्दू समाज तथा हिन्दू मान-बिन्दुओं पर हो रहे चहुँ मुखी हमलों से निपटने की रण नीति, गऊ, गंगा, वेद व संस्कृति की रक्षा तथा संवर्धन, दिल्ली की हर बस्ती में विहिप की समितियों का गठन के साथ-साथ विहिप के स्वर्ण जयंती वर्ष की कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में विहिप दिल्ली के प्रान्त उपाध्यक्ष श्री गुरदीन प्रसाद रुस्तगी, श्री नन्द किशोर शर्मा, मंत्री श्री राम पाल सिंह व श्री विजय गुप्ता, संगठन मंत्री श्री अनिल, मीडिया टोली के सदस्य श्री राकेश पाण्डे, बजरंग दल के प्रान्त पूर्णकालिक श्री नीरज दोनेरिया, मातृ शक्ति सह-संयोजिका श्रीमती संध्या शर्मा तथा दुर्गा वाहिनी संयोजिका श्रीमती संजना चौधरी सहित दिल्ली के कोने-कोने से पधारे लगभग सवा सौ पदाधिकारियों ने भाग लिया। सभी पदाधिकारियों ने गंगा मईया का पावन जल अपने अपने हाथों में लिए देश की राजधानी के कल्याण की प्रार्थना करते हुए देर सायं हरिद्वार से दिल्ली को प्रस्थान किया।

Comments are closed.