गौतमबुद्धनगर में 21 लोगों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि, प्राईवेट कंपनियों के हैं अधिकतर संक्रमित
Abhishek Sharma
यूपी के गौतम बुद्ध नगर जिले में आज (रविवार) कोरोना वायरस संक्रमण के 21 नए मामले सामने आने के बाद जिले में संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 345 हो गयी है। वहीं जिले में अब तक कोरोना से संक्रमित पांच लोगों की जान जा चुकी है।
यह जानकारी देते हुए आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 23 मई को लिए गए नमूनों की रविवार को आई जांच रिपोर्टों में 21 लोग संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमित लोगों को अस्पताल में भर्ती कराकर उनका इलाज कराया जा रहा है।
संक्रमित लोगों के निवास के आस-पास की जगह को सील कर दिया गया है और उनके संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है। आज ग्रेटर नोएडा स्थित एक प्राइवेट कंपनी में कोरोना से संक्रमित 11 कर्मचारी मिले हैं। जिनमें 6 कर्मचारी जिला गौतम बुद्ध नगर के हैं वहीं पांच अन्य जिलों के हैं।
वहीं नोएडा के सेक्टर 16 ए स्थित ज़ी न्यूज़ कंपनी के 7 अन्य कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिनमें से 6 लोग गौतम बुद्ध नगर के हैं।
वहीं एक दिल्ली का है। इन सभी लोगों को क्वाॅरंटाइन में रखा हुआ था। उसके बाद आज इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 9 अन्य मरीजों को कोरोना संक्रमितों मरीजों की पुष्टि हुई है।