बाइक पर पीछे बैठे बच्चे की वजह से कटा चालान, जानें वजह

ABHISHEK SHARMA

नोएडा : दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट सिर्फ चालक को ही नहीं, बल्कि पीछे बैठी सवारी को भी लगाना अनिवार्य है। ऐसा न करने पर पुलिसकर्मी आपको रोकेंगे तो नहीं, लेकिन कैमरे में कैद हुए तो चालान जरूर कट जाएगा। ऐसा ही एक मामला नोएडा में सामने आया है। दुपहिया पर पीछे बैठे पांच साल के बच्चे ने हेलमेट नहीं पहना था। कैमरे ने कैद किया और बाद में चालान जारी कर दिया गया।

सेक्टर-14ए स्थित ट्रैफिक कंट्रोल रूम पहुंचे मयूर विहार फेज-3 निवासी अनुराग ने एसपी ट्रैफिक अनिल झा से गलत चालान की शिकायत की। अनुराग ने बताया कि हाल ही में उन्हें मोबाइल पर चालान कटने का मेसेज मिला। ऑनलाइन चेक करने पर स्कूटी का फोटो दिखाई दिया, जबकि अनुराग के पास बाइक है।



एसपी ट्रैफिक ने मुख्य सर्वर से जांच की तो पता चला कि स्टेडियम चौराहे पर चालान काटा गया था। फोटो में बाइक पर अनुराग ही बैठे थे। हालांकि, उन्होंने हेलमेट लगाया हुआ था, लेकिन पीछे बैठे उनके पांच साल के बच्चे ने हेलमेट नहीं लगाया था। कैमरे में पिछली सवारी बिना हेलमेट होने पर चालान काट दिया गया।

एसपी ट्रैफिक ने बताया कि यह अपने आप में अलग तरह का मामला सामने आया है। हेलमेट का नियम तो सभी के लिए है। पिछली सीट पर बच्चा यदि मां की गोद में बैठा होता तो उसे सुरक्षित माना जा सकता था, लेकिन यदि बच्चे को अकेले पीछे बैठाकर दुपहिया चला रहे हैं तो उसे भी हेलमेट पहनाकर रखना चाहिए। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.