फटे जूते बेचकर अर्जुन भाटी ने जुटाए ₹3.30 लाख, पीएम राहत केयर फंड में दिया अनुदान

Abhishek Sharma

कोरोना महामारी के चलते पूरे भारत देश में लॉकडाउन को तीन मई के लिए बढ़ाया गया है। इसकी वजह से सभी खिलाड़ी अपने घर पर ही हैं और अपने परिवार और सोशल मीडिया पर फैन्स से जुड़े हुए हैं। इस दुख की घड़ी में बॉलीवुड सेलेब्स समेत कई क्रिकेटर कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की मदद के लिए आगे आ चुके हैं।

युवा गोल्फर अर्जुन भाटी ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ भारत की लड़ाई में योगदान देना जारी रखा है और अब उन्होंने अपने फटे हुए जूते बेचकर तीन लाख 30 हजार रुपये जुटाए हैं। यही जूते पहनकर अर्जुन ने 2018 में जूनियर विश्व चैंपियनशिप जीती थी।

ग्रेटर नोएडा के रहने वाले 15 साल के गोल्फर अर्जुन ने इससे पहले अपनी 102 ट्राफी बेचकर चार लाख 30 हजार रुपये जुटाए थे और यह राशि प्रधानमंत्री राहत कोष में दान दी थी।

इससे पहले अर्जुन भाटी अपनी जीती हुई ट्रॉफी को बेचकर जुटाए रुपयों को प्रधानमंत्री केयर फंड को भेज चुके है जिसके बाद खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके अर्जुन भाटी की सराहना की थी।

अर्जुन भाटी ने बताया, “मैंने जिन कटे हुए जूतों के साथ अमेरिका में जूनियर गोल्फ वर्ल्ड चैंपियनशिप की ट्रॉफी जीती थी, वो जूते 3,30,000 रुपये में बेचे हैं। जूते वनीश प्रधान जी ने ले लिए और मैंने यह राशि पीएम केयर्स फंड में दान कर दी हैं। हम रहें या ना रहें, मेरा देश रहना चाहिए। कोरोना से सभी को बचाना है।”

आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा में रहने वाले जूनियर वर्ल्ड गोल्फ चैंपियन रहे अर्जुन भाटी ने अब तक करीब 150 गोल्फ टूर्नामेंट खेले हैं। 15 साल के अर्जुन ने पिछले साल कैलिफॉर्निया में जूनियर वर्ल्ड गोल्फ चैंपियनशिप जीती थी। इससे पहले वह साल 2016 में अंडर-12 और 2018 में अंडर-14 किड्स गोल्फ वर्ल्ड चैंपियनशिप जीत चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.