दिल्ली में 24 घण्टे के अंदर 448 नए मामले आए सामने , एक मरीज की मौत
Rohit Sharma
नई दिल्ली :– राजधानी दिल्ली में आज कोरोना के कुल 448 नए मामले सामने आए जिसके बाद कोरोना संक्रमित कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 5980 हो गई है। आज 389 मरीज ठीक भी हुए हैं और एक मरीज की मौत हुई है।
दिल्ली में अब तक 1931 लोग ठीक होकर घर वापस जा चुके हैं, जबकि कुल 66 लोगों की मौत हो चुकी है। अब कुल ऐक्टिव केस 3983 है।
आज कोई नया कंटेनमेंट जोन घोषित नहीं किया गया, बल्कि चार जोन (सिरियल नंबर 14,15,16,17) को कंटेनमेंट एरिया से बाहर निकाला गया। ऐसे में अब कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या 88 रह गई है।
आपको बता दें कि राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यहां धड़ल्ले से मरीजों की संख्या में इजाफा होता दिख रहा है। हाल ये है कि दिल्ली में कोरोना संक्रमण की दर राष्ट्रीय स्तर के औसत से दोगुना हो चुकी है। जब देश में कोरोना फैलने लगा तब दिल्ली में शुरुआती 60 दिन के भीतर 3515 मरीज मिले, लेकिन उसके बाद स्थिति गंभीर होती चली गई। यहां महज 6 दिन में 2 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
दिल्ली में मई की शुरुआत से ही प्रतिदिन 200 से ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। 1 मई से 06 मई के बीच दिल्ली में कोरोना के 2017 मामले सामने आ चुके हैं। जानकारों का कहना है कि इस वक्त दिल्ली में कोरोना की जांच अच्छे से हो रही है। यहां ज्यादा से ज्यादा लोगों की जांच की जा रही है और इसे अभी और गति देनी होगी। एक ये कारण भी है कि दिल्ली में कोरोना के मामलों में तेजी आई है।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 2 मार्च को दिल्ली में कोरोना का पहला मरीज मिला। उसके बाद यहां पर 30 अप्रैल तक मरीजों की संख्या 3515 थी, लेकिन मई का महीना शुरू होते ही मरीजों की संख्या में धड़ल्ले से इजाफा हुआ है। ऐसे में दिल्ली में संक्रमण दर 8 प्रतिशत हो गई है जो राष्ट्रीय स्तर का दोगुना है। यानी दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर से दोगुना तेजी से संक्रमण फैल रहा है।
ये चिंता जनक है कि देश में तीसरा लॉकडाउन चल रहा है और दिल्ली में मई के महीने में इतनी तेजी के कोरोना संक्रमण का प्रसार हुआ है। ऐसे में दिल्ली को 17 मई के बाद भी खोलना मुश्किल जान पड़ता है। हालांकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तो साफ कहा है कि ये इतनी जल्दी ठीक होने वाला नहीं है। हमें इसी के साथ जीना सीखना होगा।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ये भी कहा है कि दिल्ली को खोलने के बाद यदि मामलों में वृद्धि होती भी है तो वो इसके लिए तैयार हैं। सरकार की ओर से कोरोना से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।