कोरोना का कहर, अमित शाह ने केजरीवाल व अन्य मंत्रियों की बुलाई हाई लेवल बैठक
Abhishek Sharma
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। हर रोज हजारों की संख्या में राजधानी में कोरोना मरीजों के आंकड़े में इजाफा देखने को मिल रहा है। अब गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक बुलाई है।
दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर गृहमंत्री अमित शाह ने कल सुबह 11 बजे उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है।
इस बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया, दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल सहित गृह मंत्रालय के दूसरे अधिकारी शामिल रहेंगे।
राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के लगातार बढ़ रहे पॉजिटिव मामलों के बीच हाल ही में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच दिल्ली में कोरोना वायरस के हालात को लेकर काफी चर्चा भी की गई थी।
दिल्ली में यूं तो आम आदमी पार्टी की सरकार है लेकिन केंद्रशासित प्रदेश होने की वजह से उसे केंद्र के साथ तालमेल करना पड़ता है। दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं में भी केंद्र सरकार का काफी दखल है।
दिल्ली में कई अस्पताल केंद्र के अंतर्गत आते हैं। साथ ही दिल्ली में कानून व्यवस्था लागू करवाने की जिम्मेदारी भी केंद्र की ही है। ऐसे में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों से दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार दोनों चिंतित हैं।
