सदर विधायक वीरेंद्र सिरोही का निधन, सीएम योगी पहुंचे उनका आवास पर

ABHISHEK SHARMA

Galgotias Ad

Greater Noida : उत्तर प्रदेश की बुलंदशहर सदर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और यूपी के पूर्व राजस्व मंत्री वीरेंद्र सिंह सिरोही की सोमवार सुबह मौत हो गई है। उनके बेटे दिग्विजय सिरोही ने बताया कि 73 वर्षीय उनके पिता लगभग तीन महीने से लिवर की बीमारी से पीड़ित थे।

15 दिन पहले हालत बिगड़ने के कारण उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दिग्विजय सिरोही ने बताया कि उन्होंने सोमवार तड़के करीब 3 : 30 बजे दिल्ली के आईएलबीएस अस्पताल में आखिरी सांसें लीं। बता दें कि वीरेंद्र सिंह सिरोही तीसरी बार बुलंदशहर सीट से विधायक बने थे।

वहीं, वीरेंद्र सिरोही की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया। खबर सुनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर शोक जताया है। उन्होंने लिखा कि ‘ बुलंदशहर सदर से विधायक श्री वीरेंद्र सिंह सिरोही जी के निधन की खबर सुनकर व्यथित हूं। उनका जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि उनको अपने श्री चरणों में स्थान दे और शोक संतप्त परिजनों को इस दारुण दुख को सहन करने का संबल प्रदान करें।’

वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ दोपहर एक बजे बुलंदशहर पहुंचे। उनके अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सुरेश राणा भी बुलंदशहर पहुंचे। वीरेंद्र सिंह सिरोही अभी यूपी विधानसभा में सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक थे। वह उत्तर प्रदेश की राजनाथ सिंह सरकार में राजस्व मंत्री थे। कल्याण सिंह और राम प्रकाश गुप्ता की भाजपा सरकार में भी वह मंत्री थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.