यूपी में चल रहे किसानों के धरने कराए जाएंगे खत्म, सीएम योगी ने पुलिस को दिए आदेश
Ten News Network
देश की राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी को किसानों के ट्रैक्टर परेड में हुई हिंसा के बाद किसान आंदोलन सवालों के घेरे में आ गया है। दिल्ली पुलिस की तमाम कार्रवाइयों के बाद अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी ऐक्शन में आ गए हैं।
गुरुवार को उन्होंने उत्तर प्रदेश में जगह-जगह चल रहे किसानों के धरने को खत्म कराने का आदेश दिया है। योगी सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस-प्रशासन को धरना खत्म कराने के निर्देश दिए हैं। यूपी के कई शहरों में कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन पिछले दो महीने से चल रहा है।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश से पहले ही बागपत जिले में धरना दे रहे किसानों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। बागपत के बड़ौत में पिछले 40 दिन से प्रदर्शन कर रहे किसानों को पुलिस ने बुधवार रात जबरन हटाकर घर भेज दिया।
ये किसान केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर धरना दे रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों पर लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा और उनके टेंट भी उखाड़ दिए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।