इस साल की पहली मन की बात कार्यक्रम में बोलें पीएम मोदी , तिरंगे का अपमान देखकर देश हुआ बहुत दुखी

Ten News Network

Galgotias Ad

नई दिल्ली :– किसान आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के जरिए देशवासियों से बात की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि 26 जनवरी को तिरंगे का अपमान देखकर देश बहुत दुखी हुआ है। मन की बात का यह 73वां एपिसोड है। खास बात यह है कि साल 2021 का यह पहला मन की बात कार्यक्रम है।

 

 

 

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले देश के अलग-अलग हिस्सों में त्योहारों की धूम रही। इन सबके बीच दिल्ली में 26 जनवरी को तिरंगे का अपमान देखकर देश बहुत दुखी भी हुआ है। हमें आने वाले समय को नई आशा और नवीनता से भरना है। हमने पिछले साल असाधारण संयम और साहस का परिचय दिया। इस साल भी हमें कड़ी मेहनत करके अपने संकल्पों को सिद्ध करना है।

 

 

 

पीएम मोदी ने कहा कि खेती को आधुनिक बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और अनेक कदम उठा भी रही है। सरकार के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

 

 

 

उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले आपने देखा होगा कि अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से बेंगलुरु के लिए एक नॉन-स्टॉप हवाई सेवा की कमान भारत की चार महीला पायलटों ने संभाली। दस हजार किलोमीटर से भी ज्यादा लंबा सफ़र तय करके ये फ्लाइट सवा दो-सौ से अधिक यात्रियों को भारत लेकर आई। क्षेत्र कोई भी हो महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

 

 

 

पीएम मोदी ने कहा कि हैदराबाद के बोयिनपल्ली में, एक स्थानीय सब्जी मंडी, किस तरह, अपने दायित्व को निभा रही है, ये पढ़कर भी मुझे बहुत अच्छा लगा। बोयिनपल्ली की सब्जी मंडी तय किया है कि बचने वाली सब्जियों को ऐसे फेंका नहीं जाएगा, इससे बिजली बनाई जाएगी।

 

 

 

मोदी ने कहा कि मैं सभी देशवासियों को और खासकर के अपने युवा साथियों को आहृान करता हूं कि वो देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में लिखें। अपने इलाके में स्वतंत्रता संग्राम के दौर की वीरता की गाथाओं के बारे में किताबें लिखें। अब जबकि भारत अपनी आजादी का 75वां वर्ष मनाएगा, तो लेखन आजादी के नायकों के प्रति उत्तम श्रद्धांजलि होगी।

 

 

 

पीएम मोदी ने कहा कि भारत के हर हिस्से में, हर शहर, कस्बे और गांव में आजादी की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ी गई थी। भारत भूमि के हर कोने में ऐसे महान सपूतों और वीरांगनाओं ने जन्म लिया, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया।

 

 

 

राष्ट्र ने असाधारण कार्य कर रहे लोगों को उनकी उपलब्धियां और मानवता के प्रति उनके योगदान के लिए सम्मानित किया। इस साल भी पुरस्कार पाने वालों में वे लोग शामिल हैं जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतरीन काम किया है।

 

 

 

इस महीने, क्रिकेट पिच से भी बहुत अच्छी खबर मिली। हमारी क्रिकेट टीम ने शुरुआती दिक्कतों के बाद शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीती। हमारे खिलाड़ियों का हार्डवर्क और टीमवर्क प्रेरित करने वाला है।

 

 

 

जब मैं ‘मन की बात’ करता हूं तो ऐसा लगता है, जैसे आपके बीच, आपके परिवार के सदस्य के रूप में उपस्थित हूं। इस साल की शुरुआत के साथ ही कोरोना के खिलाफ हमारी लड़ाई को भी करीब-करीब एक साल पूरा हो गया है। जैसे कोरोना के खिलाफ भारत की लड़ाई एक उदाहरण बनी है, वैसे ही अब हमारा टीकाकरण अभियान भी दुनिया में एक मिसाल बन रहा है।

 

 

 

मन की बात के 72वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश भर में भारत निर्मित उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिसमें लोग ‘वोकल फॉर लोकल’ का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि साथियो, हमें वोकल फॉर लोकल की भावना को बनाये रखना है, बचाए रखना है, और बढ़ाते ही रहना है। आप हर साल न्यू ईयर रेजोल्यूशन लेते हैं, इस बार एक रेजोल्यूशन अपने देश के लिए भी जरुर लेना है। पीएम मोदी ने लोगों से स्थानीय उत्पादों का उपयोग करने और देश को प्लास्टिक से मुक्त बनाने की अपील भी की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.