ग्रेटर नोएडा : रिटायर्ड अधिकारी से विदेशी महिला ने फेसबुक पर दोस्ती कर ठगे 50 लाख रुपये

ABHISHEK SHARMA

Galgotias Ad

दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा के रहने वाले एक रिटायर्ड अधिकारी से खुद को लंदन निवासी बताकर युवती ने दोस्ती करके 50 लाख रुपए ठग लिए हैं। उन्हें झांसा दिया कि वह उनसे मिलने के लिए भारत आ रही है। इसके बाद करेंसी एक्सचेंज होने में समय लगने का बहाना लगाकर कई बार पैसे अकाउंट में डलवा लिए।

पीड़ित का आरोप है कि विदेशी महिला ने कई तरह का गिफ्ट भेज कर उनसे और भी रुपए ठगने की कोशिश की। पीड़ित व्यक्ति ने साइबर क्राईम सेल में मामले की शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

दरअसल ग्रेटर नोएडा के स्वर्ण नगरी सेक्टर में रहने वाले आर एस पुंडिया दिल्ली डीडीए से रिटायर हुए थे। उनका कहना है कि फरवरी 2019 में लंदन की रहने वाली विक्टोरिया नामक महिला से फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से दोस्ती हुई। अप्रैल 2019 में उसका फोन आया और बताया कि वह भारत में दिल्ली एयरपोर्ट पर आकर फोन कर रही है।

विदेशी महिला ने ब्रिटिश लॉज में रुकने की बात कही और भारत भ्रमण करने की इच्छा जताई। उसने कहा कि ब्रिटिश बैंक ड्राफ्ट भी साथ लाई है, जो भारतीय मुद्रा में एक्सचेंज कराना चाहती है। उनका ड्राफ्ट एक्सचेंज होने में समय लग रहा है। इसके चलते उन्हें भारतीय मुद्रा की जरूरत है।

उन्होंने कई बार ₹50 लाख उनके बताए अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। विदेशी महिला ने अफ्रीकी युवक के जरिए उनके घर पर एक जरूरी सामान का बक्सा रखवाया। इसे लंदन जाने से पहले लेकर जाने की बात कही।

मार्च में विदेशी महिला लंदन लौट गई और 15 से 20 दिन बाद वापस आकर अपने बक्से को ले जाने की बात कही। आज तक विदेशी महिला वापस भारत नहीं लौट कर आई है। जब उन्होंने बक्से को खोलकर देखा तो उसमें काले कागज की कतरन निकली।

Leave A Reply

Your email address will not be published.