दरभंगा के डीएम को धमकी देने वाला शख्स नोएडा से गिरफ्तार

Abhishek Sharma

Galgotias Ad

जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम के आधिकारिक फेसबुक पेज पर धमकी देनेवाले को पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार किया है। फेसबुक कंट्रोल कार्यालय और तकनीकी सेल की मदद से यह कार्रवाई की गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी बाबू राम ने लहेरियासराय थाने के दो पुलिस अधिकारियों को दिल्ली भेजा था।

गिरफ्तार ज्ञानी कुमार गुप्ता जाले थानाक्षेत्र के दिघोपट्टी गांव निवासी महेंद्र गुप्ता का पुत्र है। उसके पास से एक मोबाइल बरामद किया गया है। गिरफ्तारी नोएडा सेक्टर-6 में रह रहा था।

बताया जाता है कि आरोपित 10 मार्च को दिल्ली गया था। शुरू में अशोकनगर में सब्जी विक्रेता अपने भाई के पास रहा। वहां से वह चिल्ला चला गया। इसके बाद वह नोएडा के सेक्टर छह में रहने लगा।

आरोपित जिस सिमकार्ड का इस्तेमाल कर रहा था, वह किसी रवि के नाम से है। पहले वह घर पर मोबाइल में गाना-वीडियो अपलोड करने और रिचार्ज करने का काम कर रहा था।

इस क्रम में उसे एक लड़की से प्रेम हो गया। बाद में उस लड़की की शादी केवटी थानाक्षेत्र में हो गई। बावजूद, इसके आरोपित उस लड़की से फेसबुक पर चैटिग कर रहा था। उसकी खोज में लगी पुलिस को इससे सुराग मिला।

पुलिस को जब जानकारी लगी तो सबसे पहले उस लड़की तक पहुंची। इसके बाद आरोपित की तस्वीर और डिटेल लेकर दिल्ली रवाना हुई। फिलहाल, पुलिस कुछ बताने से परहेज कर रही है। लेकिन, यह स्पष्ट हो गया है कि उसने अपने कुछ साथियों की मदद से डीएम को धमकी दी थी।

बता दें कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर जिलाधिकारी ने स्क्रीनिग की सूचना अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर 2 अप्रैल की रात 8:21 बजे दी थी। इसके बाद कमेंट बॉक्स में डीएम के खिलाफ धमकी भरा संदेश लिखा गया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई।

घटना को लेकर समाहरणालय के आइटी सेल की ओर से लहेरियासराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस ने मनीगाछी थाना क्षेत्र के नजरा मोहमदा गांव निवासी मो. फैसल को भी पहले पकड़ा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.