मनोज तिवारी ने बीजेपी की जीत को बताया ऐतिहासिक , कहा जनता के बीच बरकरार है मोदी मैजिक

Rohit Sharma / Rahul Kumar Jha

Galgotias Ad

भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने लोकसभा चुनाव 2019 में भारतीय जनता पार्टी की जीत को ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि देश के चुनाव में केवल एक समीकरण काम कर रहा था , जिसके नेतृत्व ने 2014 में भी जनादेश प्राप्त किया था और वही इतिहास 2019 में भी दोहराया जा रहा है। देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पांच साल में हुए विकास कार्यों पर लोकतंत्र की मुहर लगाते हुये फिर एक बार मोदी सरकार को पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार के साथ चुना है। यह भव्य विजय प्रधानमंत्री मोदी की पाँच साल के विकास और मजबूत नेतृत्व में जनता के विश्वास की जीत है।


तिवारी ने कहा कि देश की जनता ने मोदी सरकार में विश्वास दिखाते हुए यह माना है कि मोदी है तो मुमकिन है। इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की कुशल संगठनात्मक चाणक्य नीति और भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के साथ 130 करोड़ देशवासियों के नये भारत के सपनों की जीत है।

उन्होंने कहा कि अपने अथक परिश्रम से देश के हर बूथ पर भाजपा को मजबूत कर मोदी सरकार बनाने वाले भाजपा के करोड़ों कर्मठ कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक विजय की हार्दिक बधाई। सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई। यह जीत पूरे भारत की जीत है। देश के युवा, गरीब, किसान की आशाओं की जीत है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने साफ नीयत सही विकास के आधार पर सबका साथ सबका विकास 2014 में किया जिसे 2019 में देश की जनता ने सबका विश्वास जोड़कर विजयी भारत के रूप में पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार देकर मोदी सरकार को दोबारा चुना है। यह परिणाम विपक्ष द्वारा किये गये दुष्प्रचार, झूठ, व्यक्तिगत आक्षेप और आधारहीन राजनीति के विरुद्ध भारत का जनादेश है।

आज का जनादेश यह भी दिखाता है कि भारत की जनता ने देश से जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण को पूरी तरह से उखाड़ फेंककर विकासवाद और राष्ट्रवाद को चुना है।

दिल्ली की जनता ने सातों सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों को भारी बहुमत के साथ विजयी बनाया जिसके लिए दिल्ली की जनता को कोटि कोटि नमन। दिल्ली के लोगों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि झूठ फेरब व बहेकावे की राजनीति दिल्ली में नहीं चलने वाली है। दिल्ली ने 2014 का इतिहास 2019 में दोहराकर यह साबित कर दिया है कि देश मोदी जी के साथ कदम से कदम मिलाकर विश्व गुरू बनने की ओर चल पड़ा है।

आम आदमी पार्टी तीसरे नम्बर की पार्टी बनकर रह गयी निगम चुनावों की तरह ही लोकसभा चुनावों में भी दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी की झूठ की राजनीति को नकार दिया है। दिल्ली में नकारात्क राजनीति करने वालों को सकारात्क जवाब दिल्ली के लोगों ने दिया है। लोकसभा चुनावों की तरह दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी दिल्ली की जनता भाजपा की पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार बनाकर दिल्ली को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उत्सुक है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.