शराब बनी सैनिटाइजर : थाने में पुलिसकर्मी शराब से कर रहे खुद को सैनिटाइज

Abhishek Sharma

ग्रेटर नोएडा : कोरोना की दहशत के बीच अफवाहों और भ्रांतियों का बाजार भी गर्म है। पुलिसकर्मी भी इससे जुड़ी भ्रांतियों से अछूते नहीं हैं। ताजा मामला दादरी कोतवाली से जुड़ा है। यहां प्लास्टिक की एक बोतल में शराब रखी गई है। कोतवाली में पहुंचने वालों को हाथ धोने के लिए यह शराब दी जा रही है।

इसके लिए बाकायदा एक पुलिसकर्मी की ड्यूटी भी लगा दी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि शराब से हाथ धोने से कुछ फर्क नहीं पड़ता। इससे बेहतर होगा कि साबुन से हाथ धुला जाए।

कोरोना संक्रमण से बचने के लिए कुछ अंतराल पर साबुन से हाथ धोने की बात कही गई है। अगर बार-बार साबुन से हाथ धोना संभव न हो तो सैनिटाइजर लगा सकते हैं। सैनिटाइजर 70 पर्सेंट अल्कोहल वाला होना चाहिए।

साबुन में फैटी एसिड और सॉल्ट जैसे तत्व पाएं जाते हैं। साबुन में छिपे ये तत्व वायरस की बाहरी परत को पूरी तरह से निष्क्रिय कर देते हैं। इससे संक्रमित होने का खतरा न के बराबर हो जाता है। अल्कोहल बेस्ड सैनिटाइजर भी ऐसा ही काम करता है।

बता दें कि शराब में अल्कोहल की मात्रा 42.8 पर्सेंट तक होती है। सैनिटाइजर के लिए न्यूनतम 70 पर्सेंट अल्कोहल के साथ ही कई और केमिकल की जरूरत होती है। ऐसे में केवल शराब से हाथ धोने से कोई फायदा नहीं होने वाला।

Leave A Reply

Your email address will not be published.