किसके सिर पर बंधेगा गौतमबुद्धनगर के सांसद का ताज, सियासी माहौल हुआ गर्म
Abhishek Sharma
Greater Noida (22/05/19) : देशभर में लोकसभा चुनाव की मतगणना को लेकर रिजल्ट का काउंट डाउन शुरू हो गया है। मतगणना को लेकर प्रत्याशियों और उनकी पार्टी के पदाधिकारियों के दिलों की धड़कनें अभी से तेज हो गई हैं। हाल यह है कि उम्मीदवार रात में चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं।
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से भाजपा से डॉ महेश शर्मा, सपा-बसपा-रालोद गठबंधन से सतबीर नागर व कांग्रेस से डॉ अरविंद सिंह चुनाव मैदान में हैं। लोकसभा सीट पर पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान हुआ था। प्रमुख रूप से भाजपा के डॉ. महेश शर्मा, सपा-बसपा के संयुक्त प्रत्याशी सतबीर नागर और कांग्रेस के अरविंद सिंह के बीच चुनाव हुआ।
अभी तक प्रमुख पार्टी के दलों की तरफ से खुद के प्रत्याशी की जीत के दावे किए जा रहे हैं। अब जबकि मतगणना गुरुवार को होनी है तो एक बार फिर चौखट, चौपाल से लेकर चौराहे तक चुनावी चर्चा तेज हो चुकी है। भाजपा को फिर डॉ. महेश को लेकर उम्मीद है तो बसपा-सपा समर्थकों का दावा भी उनके प्रत्याशी के विजयी होने का है। कांग्रेस प्रत्याशी भी इसमें पीछे नहीं है।
अब कौन जीतेगा, इसका पता तो 23 मई को मतगणना पूर्ण होने के बाद ही लगेगा, लेकिन इससे पहले चुनावी मैदान में खड़े प्रत्याशियों की मतगणना के दिन नजदीक आने से नींद उड़ी हुई है। भाजपा जिलाध्यक्ष विजय भाटी, बसपा जिलाध्यक्ष लखमी सिंह सपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह यादव और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ महेंद्र नागर ने अपने अपने उम्मीदवारों के जीत का दावा किया है।
वहीं लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर चर्चाएं और सट्टेबाजी शुरू हो चुकी है। लोकसभा चुनाव के लिए सभी चरणों का मतदान पूर्ण होने के बाद चुनावी चर्चा और चकल्लस का दौर शुरू हो गया है। वहीं, मतदान के बाद हार-जीत को लेकर सटोरिये भी सक्रिय हो गए हैं, जो बेखोफ स्थानीय प्रत्याशियों के साथ बड़े प्रत्याशियों की जीत-हार और किस पार्टी को कितनी सीट मिलेगी आदि पर सट्टा लगवा रहे हैं।